रायबरेली। होली का पर्व हो और अबीर-गुलाल न उड़े, ऐसा कहां हो सकता है। चाहे फिर लाल हो या फिर हरा, पीला, नीला रंग, होली में हर रंग प्रयोग में लाया जाता रहा है।
इस बार बाजार में अलग ही रंग की डिमांड है। यानि चुनाव ही नहीं, बल्कि त्योहार में भी भगवा रंग खरीदने के लिए लोग आतुर दिख रहे हैं।
महंगा होने के बाद भी लोग भगवा रंग खरीदने को लेकर बाजार पहुंच रहे हैं। दुकानदारों का भी कहना है कि इस बार पर्व पर भगवा रंग अधिक लोग खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं।
अब कुछ ही दिन होली पर्व को शेष बचे हैं। ऐसे में बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुखौटे और पिचकारी जहां इस बार बाजार में उपलब्ध है, वहीं भगवा रंग भी बाजार में है।
विशंभर मार्केट के दुुकानदार रमेश ठाकुर कहते हैं कि वैसे तो बाजार में हरा, लाल, नीला आदि रंग उपलब्ध हैं, लेकिन भगवा रंग की इस बार ज्यादा ही बिक्री हो रही है।
दुकान आने वाले अधिकतर लोग भगवा रंग की डिमांड करते हैं। एक किलो भगवा रंग की कीमत 70 से 75 रुपये कीमत है। बावजूद इसके लोग भगवा रंग से ही होली खेलने को आतुर दिख रहे हैं।
सुपर मार्केट के दुकानदार दिनेश गुप्ता, राहुल सोनकर भी कहते हैं कि वैसे तो बाजार में सभी के तरह रंग उपलब्ध हैं, लेकिन भगवा रंग की डिमांड कुछ ज्यादा ही है। बच्चे से लेकर बड़े लोग तक भगवा रंग खरीद रहे हैं।