रायबरेली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त के आदेश पर अमूल ब्रांड के खाद्य पदार्थों की जांच शुरू की गई है। एफएसडीए की टीम ने अभियान चलाकर अमूल ब्रांड दही, खीर और दूध समेत चार नमूने सील किए हैं।
सैंपलों को जांच के लिए विधि विश्लेषक प्रयोगशाला लखनऊ भेजा गया है। एफएसडीए के अभिहित अधिकारी अजीत कुमार राय ने बताया कि आयुक्त ने अमूल ब्रांड के सभी उत्पादों के सैंपल भरवाकर लैब से जांच करवाने के आदेश दिए हैं।
आयुक्त के आदेश पर टीम ने अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। एफएसओ अरुण कुमार ने शहर के आरडीए रोड इंदिरा नगर में शोभा इंटरप्राइजेज के बाहर खड़े ट्रक में रखे अमूल ब्रांड मस्ती दही का नमूना सील किया।
यहीं से एफएसओ अपराजिता तिवारी ने अमूल दूध का नमूना भरा। एफएसओ अमरनाथ ने अमूल मलाई खीर का नमूना भरा। शहर के बरगद चौराहा स्थित अग्रहरि जनरल स्टोर से एफएसओ नितिन कुमार ने अमूल फ्लेवर्ड दूध का नमूना भरा। नमूनों को जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।