रायबरेली। फाफामऊ-ऊंचाहार रेलमार्ग पर सोमवार शाम प्रतापगढ़ जिले में मालगाड़ी की चपेट में मवेशियों के आने से रास्ता बाधित हो गया। मवेशियों के अवशेष हटाने में समय लगा, जिससे वंदेभारत समेत तीन ट्रेनों को रोका गया। इससे इन ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ी। दूसरी तरफ कई ट्रेनों के विलंब से आने के कारण यात्रियों को परेशानी हुई।
कुंडा और भदरी स्टेशनों के बीच मालगाड़ी की चपेट में आने से मवेशियों की मौत हो गई। मवेशियों के अवशेष ट्रैक पर बिखर गए। मालगाड़ी के हटने के बाद ट्रैक को साफ करने का काम शुरू हुआ, जिसमें समय लगा। इस दरम्यान प्रयागराज-गोरखपुर वंदेभारत एक्सप्रेस, प्रयागराज-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस और प्रयागराज-कानपुर पैसेंजर को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया।
यही वजह रही कि वंदेभारत और इंटरसिटी एक घंटे विलंब से आई, जबकि पैसेंजर ट्रेन सवा घंटे विलंब से गुजरी। यातायात निरीक्षक बाल मुकुंद का कहना है कि कुंडा-भदरी के बीच मवेशियों के कटने से ट्रैक बाधित रहा, जिससे ट्रेनें कुछ देर प्रभावित हुईं। दूसरी तरफ सोमवार को लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर और दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस डेढ़ घंटे विलंब से आई। इन ट्रेनों को रास्ते में देर तक रोका गया, जिससे लेटलतीफी बढ़ी।
चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस एक घंटे देर से गुजरी। प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस व शक्ति नगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस पौन घंटे और सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस व हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल आधे घंटे विलंब से पहुंची। रविवार की रात प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर ढाई घंटे, बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस सवा घंटे और नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस पौन घंटे देर से आई।