स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर को कूड़ा रहित बनाने के लिए गुरुवार को नगर पालिका परिषद के सभागार में कार्यशाला हुई। इसमें पालिका अफसरों के साथ सभासदों ने शहर को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया।
साथ ही लोगों को जागरूक करने की बात कही। पालिका के अधिशासी अधिकारी पीएन सिंह ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन तभी सफल होगा, जब हर कोई इसकी अहमियत को समझेगा।
इसमें पालिका और सभासदों को एक साथ काम करना होगा। लोगों को अभियान से जोड़ना होगा। खाद्य एवं सफाई निरीक्षक अपर्णा वाजपेयी ने कहा कि नगर पालिका की ओर से टीम गठित कर सफाई कराई जा रही है।
मलिन बस्तियों में सफाई के साथ दवा का छिड़काव किया जा रहा है। इस दौरान प्रसाधन कक्ष निर्माण पर चर्चा की गई। कहा कि सरकार की मंशानुरूप पात्रों को योजना का लाभ दिलाया जा रहा है।
कार्यशाला का संचालन ओएन त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर रामखेलावन, अनिल कुमार, डॉ. वासिफ, धर्मेंद्र द्विवेदी, राजेंद्र पाल, राजेश श्रीवास्तव, अनुपम वर्मा, कुसुमा देवी, लालमणि आदि मौजूद रहे।