डलमऊ (रायबरेली)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोड़ के पास स्थित आंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर किसी ने लाल रंग (द्रव) फेंक दिया। शनिवार को लोगों को खबर लगी तो वह पार्क में एकत्रित होने लगे। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस और नगर पंचायत को दी। नगर पंचायत के कर्मियों ने आनन-फानन में प्रतिमा के चेहरे को साफ किया।
पखरौली के श्रीकृष्ण कुमार, अरविंद कुमार, तेजबहादुर, राजेंद्र कुमार, जानू गौतम पुलिस को तहरीर देकर अराजकतत्वों पर कार्रवाई करने की मांग की है। कहा कि एक वर्ष पहले भी मूर्ति को तोड़ा गया था। कोई ठोस कार्रवाई न होने से शरारतीतत्व माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
आंबेडकर पार्क परिसर में नगर पालिका का पंप लगा हुआ है, जिसमें कर्मचारियों की दिन-रात ड्यूटी रहती है, लेकिन पुलिस की ड्यूटी न होने से पार्क नशेडि़यों का अड्डा बना हुआ है। उप जिलाधिकारी राजित राम गुप्ता का कहना है कि मामला संज्ञान में है। प्रतिमा पर द्रव फेंकने वालों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।