रायबरेली। शहर में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ रायबरेली विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जैतूपुर और कांशीराम कॉलोनी के पीछे करीब 210 अवैध प्लॉटों पर बनी बाउंड्रीवाल पर बुलडोजर चला दिया। यह कार्रवाई लगभग पांच बीघे भूमि पर की गई।
आरडीए की टीम जब मौके पर पहुंची तो कुछ प्रॉपर्टी डीलरों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन मिलएरिया थाना पुलिस के पहुंचते ही विरोध शांत हो गया। इसके बाद बिना किसी बाधा के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी की गई।
प्राधिकरण ने पहले ही अवैध प्लॉटिंग करने वालों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। नियमों के अनुसार बिना लेआउट पास कराए प्लॉटिंग करना अवैध है, इसके बावजूद शहर में बड़े पैमाने पर यह गतिविधि जारी थी। नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर आरडीए सचिव विशाल यादव के निर्देश पर कार्रवाई की गई।
बुधवार को अवर अभियंता शिवओम त्यागी, शिव कुंवर और निष्ठा साहू की टीम ने अभियान चलाया। टीम ने कांशीराम कॉलोनी के पीछे सूरज सोनकर द्वारा विकसित 75 प्लॉट और जैतूपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास उदयभान सिंह व सिराज के 135 प्लॉटों पर बाउंड्रीवाॅल ध्वस्त कर दी।
आरडीए सचिव विशाल यादव ने बताया कि पांच बीघे क्षेत्र में विकसित करीब 210 अवैध प्लॉटों को हटाया गया है। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अन्य चिन्हित स्थलों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।