रायबरेली। परिवहन निगम डिपो में बिना वीएलटीडी (व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस) के संचालित अनुबंधित बसों के संचालन को पूरी तरह से रोक दिया गया है।
मामले में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक दिनेशचंद्र श्रीवास्तव ने वरिष्ठ केंद्र प्रभारी अशोक कुमार, कार्यशाला प्रभारी रामदयाल, वरिष्ठ लिपिक देवेंद्र बहादुर सिंह के साथ ही सभी अनुबंधित बसों के मालिकों को चेतावनी पत्र जारी किया है। संबंधितों का वेतन और बसों के मालिकों का भुगतान रोकने की चेतावनी दी है। सभी बसों के संचालकों को तत्काल डिवाइस लगवाने के आदेश दिए गए हैं।
पूर्व में वरिष्ठ केंद्र प्रभारी ने अनुबंधित बसों का निरीक्षण किया था। इसमें 12 अनुबंधित बसों में वीएलटीडी लगे नहीं मिले, जबकि 34 बसों में डिवाइस तो लगे मिले, लेकिन वे सक्रिय नहीं थे। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि बिना डिवाइस के अनुबंधित बसों को रूटों पर जाने से रोका गया है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को चेतावनी पत्र जारी किया गया है।