रायबरेली। शहर के सुल्तानपुर रोड स्थित रोजाना रूरल कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड से लिए गए मुनक्का और गुड़ के नमूने प्रयोगशाला जांच में अधोमानक पाए गए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने दिल्ली के लाइसेंस धारक समेत तीन संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी कर एक माह के भीतर जवाब मांगा है। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार एडीएम (प्रशासन) की अदालत में वाद दायर करने की कार्रवाई की जाएगी।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी ने 27 सितंबर 2025 को सुल्तानपुर रोड स्थित रोजाना रूरल कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड से मुनक्का और गुड़ के नमूने लिए थे। विधि विश्लेषक प्रयोगशाला की जांच में दोनों नमूने अधोमानक पाए गए।
इसके बाद लाइसेंस धारक रोजाना रूरल कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड, नई दिल्ली, विवेकखंड, गोमतीनगर (लखनऊ) निवासी अद्वैत विक्रम सिंह तथा कारोबारी कार्तिकेय श्रीवास्तव को नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित अवधि में जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ब्रांडेड काजू, बादाम और मूंगफली दाना भी अधोमानक
एफएसडीए के अभियान के दौरान जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए ब्रांडेड काजू, बादाम और मूंगफली दाना के नमूने भी जांच में अधोमानक पाए गए। जगतपुर में जागेलाल की दुकान से 13 अक्तूबर 2025 को लिए गए क्रंची ब्रांड काजू, मुराईबाग के सज्जनलाल किराना स्टोर से लिए गए राघव ब्रांड काजू, परशदेपुर क्षेत्र के शिवपुर गोपालपुर स्थित सुरेंद्र किराना स्टोर से लिए गए ग्रेडवन ब्रांड बादाम तथा आदर्शनगर, मुराईबाग स्थित दुर्गा किराना स्टोर से लिए गए मूंगफली दाना के नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। संबंधित खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।