सलोन। फर्जी दस्तावेज के आधार पर दूसरा पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक व्यक्ति असगर अली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ की शिकायत और पुलिस जांच के बाद हुई है।
सलोन के रतासो निवासी असगर अली पर दो अलग-अलग पासपोर्ट रखने का आरोप है। दरोगा मोहित कुमार ने शिकायत का सत्यापन किया। जांच में पता चला कि असगर ने वर्ष 2009 में एक पासपोर्ट बनवाया था। इसमें उसकी जन्मतिथि पांच जून 1985 दर्ज थी। वर्ष 2020 में उसने दूसरा पासपोर्ट जारी कराया। इस दूसरे पासपोर्ट में जन्मतिथि 10 अक्तूबर 1988 और अन्य व्यक्तिगत विवरण बदले गए थे।
आरोप है कि असगर अली ने पहले पासपोर्ट और वास्तविक विवरण छिपाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। उसने नए पासपोर्ट का उपयोग व्यक्तिगत लाभ के लिए किया। फर्जीवाड़े की जांच मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अर्चित अग्रवाल को सौंपी गई है। सलोन कोतवाली में बीते एक माह में पासपोर्ट से जुड़े फर्जीवाड़े का यह तीसरा मामला है।
इससे पुलिस और जांच एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सलोन कोतवाली प्रभारी संदीप कुमार राय ने बताया कि असगर अली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले संभावित नेटवर्क की भूमिका भी जांच के दायरे में है।