रायबरेली। शहर में मंगलवार सुबह आधा घंटे तेज बारिश हुई। शाम को बूंदाबांदी होती रही। इससे उमस से राहत मिल गई। बारिश होने से सड़क पर जलभराव हो गया। जिन मोहल्लों में अमृत योजना के तहत खोदाई की गई थी, वहां पर कीचड़ के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है।
मंगलवार सुबह से बदली छाई रही। लगातार दूसरे दिन कुछ समय के लिए धूप निकली और पूरे दिन बादल छाए रहे। सुबह 11 बजे आधा घंटे के लिए तेज बारिश हुई, जिससे सड़क पर पानी भर गया। उसके बाद शाम को बूंदाबांदी का सिलसिला चलता रहा। शहर के नई बाजार, छोटी बाजार, घंटाघर, सुपर मार्केट में सड़क पर कीचड़ फैलने से आवागमन में लोगों को परेशानी हुई।
पैदल चलने वाले लोग अधिक परेशान हुए। जून में जिले में औसत से कम बारिश हुई थी। जुलाई के पहले दिन बारिश होने से सभी को उम्मीद है कि आगे अधिक बारिश होगी। मानसून सक्रिय हो गया लेकिन अभी तक जोरदार बारिश का हर किसी को इंतजार है। अभी तक पूरे जिले में एक साथ बारिश नहीं हुई है। अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री रहा। इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी फुरसतगंज के मौसम विशेषज्ञ दीतेंद्र सिंह ने बताया कि मानसून सक्रिय है। आने वाले दिनों में मध्यम बारिश होने की संभावना है।
टिनशेड पर गिरी डाल, युवक घायल
रायबरेली। राही ब्लॉक क्षेत्र के कलसहा गांव में मंगलवार को बारिश के दौरान टिनशेड पर पीपल की डाल गिर गई। इससे अफरातफरी मच गई। चपेट में आकर युवक घायल हो गया। खनुवा गांव निवासी श्रीनाथ का मकान कलसहा गांव में बना है। दोपहर करीब दो बजे बारिश हो रही थी। इसी दौरान मकान के सामने लगे पीपल की डाल टिनशेड पर गिर गई। इससे टिनशेड टूट गई। उसके नीचे रखी चारपाई, पंखा, समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में श्रीनाथ का बेटा हरिकिशन चोटिल हो गया। पीड़ित ने बताया कि इससे पहले भी एक पीपल की डाल गिर चुकी है। उसमें बाइक क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन कोई मुआवजा नहीं मिला।
भोजपुर कस्बे में झमाझम, दुकानों में घुसा पानी
भोजपुर (रायबरेली)। कस्बा में मंगलवार शाम को झमाझम बारिश हुई, जिससे किसानों को राहत मिली। दुकानों में पानी घुस गया। रास्ते में जलभराव की वजह से लोगों को घरों में रहना पड़ा। करीब दो घंटे तक बारिश हुई, जिससे हर तरफ पानी ही पानी नजर आया। कस्बे में जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण लोगों को दिक्क्तें हुई। भोजपुर ऊंचगांव मुख्य मार्ग पर पानी इतना भर गया कि सड़क जलमग्न हो गई।