डलमऊ (रायबरेली)। विधानसभा चुुनाव के दौरान पुलिस ने मंगलवार को शराब माफिया पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो हिस्ट्रीशीटरों की एक करोड़ 19 लाख 14 हजार 94 की चल व अचल संपत्ति कुर्क कर ली। गैंगेस्टर एक्ट के तहत माफिया के खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया। सीओ और कोतवाल की मौजूदगी में दोनों शराब माफिया के मकान में ताला जड़ दिया गया।
सीओ डलमऊ अशोक सिंह और कोतवाल पंकज त्रिपाठी की अगुवाई में पुलिस टीम ने डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के दीनगंज गांव निवासी अजय कुमार जायसवाल और अमरेश कुमार जायसवाल की चल-अचल संपत्ति कुर्क कर ली। कोतवाल ने बताया कि वर्ष 2019 में अजय और अमरेश अवैध शराब फैक्टरी संचालन में पकड़े गए थे।
दोनों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई। कोतवाल ने बताया कि दोनों अपराधियों की एक करोड़ से ज्यादा की चल-अचल संपत्ति कुर्क की गई है। जो चल-अचल संपत्ति कुर्क की गई है, उसके मुताबिक अजय जायसवाल के मकान की कीमत 40 लाख 34 हजार से ज्यादा है।
वहीं अमरेश जायसवाल के मकान की कीमत 68 लाख से ज्यादा, जबकि एक चार पहिया वाहन और एक बाइक भी कुर्क की गई है। इस कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। दोनों शराब माफिया कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर हैं।