रायबरेली। जिले में बुधवार को तेज हवा और बारिश के कारण बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों में बत्ती गुल रही। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर में आपूर्ति चार से पांच घंटे बाद बहाल हो गई, लेकिन ग्रामीण अंचलों में कहीं पर 12 तो कहीं पर 15 घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। गुरुवार दोपहर तक सभी जगह बिजली आपूर्ति बहाल हो गई।
बुधवार शाम करीब सात बजे तेज हवा चलने और बारिश से बिजली आपूर्ति व्यवस्था ठप हो गई। शहर के इंदिरा नगर, गोराबाजार, तेलियाकोट, प्रगतिपुरम, आईटीआई समेत सभी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों की बिजली आपूर्ति चरमरा गई।
इससे पूरा शहर अंधेरे में डूबा रहा। कड़ी मशक्कत के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी, लेकिन उसके बाद भी बिजली के आने-जाने का सिलसिला चलता रहा। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे खराब हालात ग्रामीण अंचलों के रहे।
गांवों की बत्ती 12 से 15 घंटे तक बाधित रही। अमावां ट्रांसमिशन से निकली 33 केवी लाइन डीह, परशदेपुर, ऊंचाहार, जगतपुर की आपूर्ति रातभर बाधित रही। यही हाल डलमऊ ट्रांसमिशन से निकली 33 केवी लाइन गदागंज, जमुनापुर और उत्तरपारा उपकेंद्र के रहे।
रात में गदागंज की आपूर्ति शुरू हो गई, लेकिन उत्तरपारा की उपकेंद्र शुक्रवार दोपहर को बहाल हो पाई। इस वजह से इस उपकेंद्र से जुड़े गांवाें में बिजली का संकट बना रहा।