रायबरेली। अमावां ट्रांसमिशन में खराब हुए 40 एमवीए ट्रांसफार्मर को यदि जल्द नहीं बदला गया तो किसी दिन बिजली आपूर्ति चरमरा सकती है। ट्रांसफार्मर की जांच के लिए आई टीम ने उसके तेल का नमूना लेकर गई है। हालांकि ट्रांसमिशन में रखे दूसरे 63 एमवीए ट्रांसफार्मर के भरोसे बिजली आपूर्ति चल रही है। यदि मांग और बढ़ेगी तो बिजली की समस्या हो सकती है।
अमावां ट्रांसमिशन में एक 40 एमवीए, जबकि दूसरा 63 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। इस ट्रांसमिशन से अमावां, सिधौना, जगतपुर, ऊंचाहार तहसील, सलोन तहसील के अलावा एम्स विद्युत उपकेंद्र के फीडर से जुड़े हैं।
शनिवार को 40 एमवीए ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आ गई। इससे जुड़े विद्युत उपकेंद्रों को बिजली ठप हो गई। अभियंताओं ने किसी तरह दूसरे 63 एमवीए के भरोसे विद्युत उपकेंद्रों को बिजली लगवाई। फिलहाल अभी तक कहीं पर बिजली की समस्या नहीं है।
यदि समय रहते ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो किसी दिन समस्या बढ़ सकती है। क्योंकि दूसरा 63 एमवीए ट्रांसफार्मर अपनी पूरी क्षमता पर चलाया जा रहा है। यदि बिजली की मांग और बढ़ी तो बिजली सप्लाई बंद कर बारी-बारी से फीडरों को चलाया जाएगा।
लखनऊ से आई टीम ट्रांसफार्मर की जांच के लिए तेल का नमूना लेकर गई है। ट्रांसमिशन के एसडीओ सौरभ प्रजापति ने बताया कि बिजली की कोई समस्या नहीं है। दूसरे ट्रांसफार्मर सप्लाई चल रही है। खराब ट्रांसफार्मर को लगाने वाली कंपनी को सूचित कर दिया गया है। ट्रांसफार्मर को चालू कराने का प्रयास किया जा रहा है।