बछरावां (रायबरेली)। विद्युत उपकेंद्र, बछरावां के अवर अभियंता की लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते बच गया। ढीले तारों में एक ट्रक फंस गया।
इससे जहां तार टूटकर जमीन पर गिर गया, वहीं दो पोल टूट गए। इससे 10 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। दिनभर बिजली न आने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। गनीमत रही कि जिस समय हादसा हुआ, उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी। इस वजह से कोई हताहत नहीं हुआ।
ब्लॉक क्षेत्र के गुलाब खेड़ा मजरे मलपुर गांव में सुबह करीब आठ बजे सीमेंट लदा ट्रक रास्ते में ढीले तारों में फंस गया। तारों में ट्रक के टकराने से दो खंभे टूट गए, कई खंभे उखड़ गए। जिस समय घटना हुई विद्युत आपूर्ति बंद थी।
तार जमीन पर बिखर गए। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे पुलिस और पावर कॉर्पोरेशन के कर्मचारियों ने जेसीबी की मदद से ट्रक को तारों से अलग किया।
तार टूटने से गुलाबखेड़ा, ठकुराइनखेड़ा, उसरहा का पुरवा, मलपुर, रामपुर, मोहिद्दीनपुर, सरंइया, उमरपुर आदि गांवों की बिजली बंद हो गई। गर्मी और उमस से लोगों का जीना दुश्वार है।
ग्रामीण शीतलादीन, रामकुमार, भगवानदीन ने बताया कि बिजली के तार ढीले होकर कई महीनों से नीचे लटक रहे थे। इसमें बड़े वाहनों के फंसने का खतरा बना हुआ था।
इसकी शिकायत कई बार अवर अभियंता से की गई थी, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि यदि तार को कसवा दिया जाता, तो यह हादसा नहीं होता।
कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि बिजली नहीं होने से बड़ा हादसा होने से बच गया। उधर, अवर अभियंता अजय कुमार सैनी ने बताया कि तार टूटने की जानकारी हुई है। सुधार कार्य चल रहा है। शाम तक बिजली आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।