रायबरेली। कोरोना से बचने के लिए वैक्सीन लगवा चुके गरीबों को कोटे की दुकानों पर प्राथमिकता पर राशन देने के आदेश के बाद टीका लगवाने वालों की संख्या बढ़ गई है। सोमवार को जिला अस्पताल सहित सभी सेंटरों पर शाम तक शहर में 2605 लोगों ने कोरोना टीका लगवाया। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में दिनभर में जिले में 21 हजार से ज्यादा लोगों ने वैक्सीन लगवाई।
शहर में शत-प्रतिशत टीकाकरण के साथ ही जिले में कोरोना टीके की पहली डोज का 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। 25 प्रतिशत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। इसमें तमाम ऐसे लोग हैं जिनके पात्र गृहस्थी या अंत्योदय राशन कार्ड बने हैं। इन कार्डधारकों में शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए शासन ने टीकाकरण करवाने वालों को प्राथमिकता पर राशन देने के आदेश दिए हैं। वहीं टीकाकरण कैंप के आयोजन का भी आदेश दिया गया है।
बीती 20 नवंबर से इस महीने का राशन बांटना शुरू किया गया है। बिना टीका लगवाए राशन लेने के लिए कोटे की दुकानों पर पहुंचे गए लोगों को वापस कर दिया गया है। कोटेदारों ने कहा, टीका लगवा चुके लोगों को वितरण के बाद ही बिना टीका लगवाने वाले लोगों को राशन दिया जाएगा। कोटेदार लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं।
कोटे की दुकानों पर राशन न मिलने से परेशान कार्डधारकों ने आखिरकार टीका लगवाना शुरू कर दिया है। एनएचएम के जिला शहरी समन्वयक विनय पांडेय ने बताया कि सोमवार को टीका लगवाने के लिए शहर के सभी सेंटरों पर भीड़ रही। इसमें सबसे अधिक जिला अस्पताल में 1263 लोगों ने टीका लगवाया। इसकेे अलावा पीएचसी गोराबाजार में 421, किलाबाजार में 271, देवानंदपुर में 290, जिला कारागार में 110, गल्लामंडी 250 लोगों ने टीके लगवाए। शहर में कुल 2605 लोगों में टीकाकरण किया गया।
कोटेदारों ने टीका लगवाने के लिए किया प्रेरित
जिले में सोमवार को कोटे की दुकानों पर राशन वितरण के साथ ही कोटेदारों ने लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया। कार्डधारकों व उसके परिवार के लोगों में शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए प्रेरित किया। कोटे की दुकानों पर लगे कैंप में लोगों को टीके भी लगवाए गए। टीका लगने के बाद राशन दिया गया। डीएसओ विमल शुक्ला ने बताया कि शतप्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को पूरा कराने के लिए कोटे की दुकानों पर टीकाकरण की सुविधा दी गई है। कोटेदारों को राशन वितरण के साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।