ऊंचाहार (रायबरेली)। एनटीपीसी परियोजना की दो नंबर यूनिट तकनीक खराबी के चलते बंद हो गई है। इससे बिजली उत्पादन पर असर पड़ा है। सूत्रों की मानें तो खराबी दूर करने में एक सप्ताह का समय लग सकता है, जबकि परियोजना के जिम्मेदार मांग कम होने की वजह से यूनिट बंद करने की बात कह रहे हैं।
परियोजना की 210 मेगावाट की पांच व छठवीं यूनिट 500 मेगावाट बिजली उत्पादन करती है। बुधवार की सुबह परियोजना की 210 मेगावाट उत्पादन क्षमता की यूनिट नंबर दो में उत्पादन के दौरान अचानक खराबी आ गई। इससे यूनिट से बिजली उत्पादन ठप हो गया। सूत्र यूनिट में ट्यूब लीकेज होने की बात कह रहे हैं।
यूनिट बंद होने के बाद परियोजना कर्मचारियों में हड़कंप मच। यूनिट ठप होने से बिजली उत्पादन पर असर पड़ा है। सूत्रों की मानें तो मेंटेनेंस टीम को बुला लिया गया है, लेकिन यूनिट चालू होने में अभी एक सप्ताह का समय लग सकता है।
उधर, जनसंपर्क अधिकारी कोमल शर्मा ने बताया कि बिजली की मांग कम होने की वजह से यूनिट बंद की गई है। कोई तकनीकी खराबी नहीं आई है।