रायबरेली। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुस्लिम महिलाओं के लिए ट्रिपल तलाक की बात तो करते हैं, लेकिन कर्नाटक के मामले पर कभी नहीं कहा कि लड़कियों को हिजाब पहनकर स्कूल जाने दिया जाए।
लोग कहते हैं कि ओवैसी तालिबानी मानसिकता रखते हैं। हम कह रहे हैं कि एक दिन ऐसा आएगा, जब एक हिजाब वाली महिला देश की प्रधानमंत्री बनेगी।
उन्होंने बिना प्रधानमंत्री का नाम लिए कहा कि कुछ लोग मुस्लिम महिलाओं की शादी कराने की बात तो करते हैं, लेकिन खुद शादी नहीं करते हैं।
वह शनिवार को शहर के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में भागीदारी परिवर्तन मोर्चा एवं जन अधिकार पार्टी के संयुक्त प्रत्याशी राधेश्याम मौर्य के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गांधी परिवार को निशाने पर लेते हुए कहा कि हमें भाजपा की बी-टीम कहा जाता है।
हम पर मुस्लिमों का वोट काटने का आरोप लगाया जाता है। आप लोग बताइए फिर 2019 लोकसभा के चुनाव में सांसद सोनिया गाधी की जीत का अंतर कैसे कम हो गया। राहुल भइया अमेठी से चुनाव कैसे हार गए। रायबरेली के दो कांग्रेस विधायक क्यों भाजपा में चले गए। इसका कांग्रेस के पास कोई जवाब नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर कांड मामले में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री पर कार्रवाई की, फिर जवाब दिया नहीं की।
वह जानते हैं कि ऐसा करने से उनका वोट कट जाएगा। फतेहपुर के बिंदकी का भाजपा प्रत्याशी दाढ़ी और टोपी वालों को अपने कार्यक्रमों से भगाने का काम कर रहा है। इसलिए हमें एकजुट होना पड़ेगा, तभी यह दल हमारी ताकत को समझ सकेंगे। यूपी में मुजफ्फरनगर कांड हुआ, लेकिन उसमें मारे गए लोगों को आज तक इंसाफ नहीं मिल पाया।
उन्होंने कहा कि हमारे ऊपर हमला हुआ, लेकिन इसका हम पर फर्क नहीं पड़ा, क्योंकि मैं मौत से नहीं डरता हूं। उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य पर निशाना साधते हुए कहा कि वह कहते हैं कि मैं जहां जाता हूं, उस पार्टी का मुख्यमंत्री बन जाता है, लेकिन आज तक वह खुद मुख्यमंत्री नहीं बन पाए। राष्ट्रीय जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा ने भी जनसभा को संबोधित किया।