रायबरेली। जिले में 20 दिन बाद सोमवार को शहर की एक महिला कोरोना संक्रमित मिली है। एसजीपीजीआई लखनऊ से जांच रिपोर्ट आने के बाद हड़कंप मच गया। इसके अलावा सोमवार को दो लोग डेंगू की चपेट में आ गए।
जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर अब 52 हो गई है जबकि जिले में अब तक 17060 लोग कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। इसके अलावा शाम पांच बजे के बाद जिला अस्पताल की इमरजेंसी में नाइट कैंप में टीका लगाने का काम शुरू हो गया। यह टीकाकरण हर रोज राज 10 बजे तक चलेगा। दिनभर में 11,627 लोगों को टीके लगाए गए।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि शहर की आईटीआई कॉलोनी की रहने वाली 30 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। आशंका होने पर जांच के लिए सैंपल एसजीपीजीआई लखनऊ जांच के लिए भेजा गया था। करीब 20 दिन बाद संक्रमित मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। सोमवार को दिनभर में 3272 लोगों की कोरोना की जांच की गई। जिले में अब तक 17060 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। वर्तमान समय में एक एक्टिव केस है।
जिला मलेरिया अधिकारी रितु श्रीवास्तव ने बताया कि जिला अस्पताल की जांच में दो और लोगों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से एक मरीज हरचंदपुर और दूसरा खीरों क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों मरीज से संपर्क किया गया है। दोनों की हलात सामान्य है। मंगलवार को मरीजों के घर टीम भेजकर परिवार के लोगों की सेहत की जांच कराई जाएगी।
करीब 20 दिन बाद दिवाली से पहले कोरोना का केस मिलने से लोगों को सतर्क कर दिया गया है। आरबीएसके प्रभारी डॉ. मनीष सिंह राजपूत का कहना है कि दिवाली का पर्व हर्षोल्लास से मनाएं लेकिन बाजार में खरीदारी के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूर करें। बाजार में जाने से पहले मास्क जरूर लगा लें। थोड़ी सी लापरवाही सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकती है। दिवाली पर हरहाल में सतर्क रहने की जरूरत है।