रायबरेली में कंगारू मदर केयर यूनिट में भर्ती मरीजों से जानकारी लेते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
जिला महिला चिकित्सालय में सोमवार से कंगारू मदर केयर यूनिट शुरू हो गई। इस व्यवस्था से गंभीर रूप से बीमार बच्चे इलाज के अभाव में दम नहीं तोड़ पाएंगे। डीएम अनुज कुमार झा ने फीता काटकर इस यूनिट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से जच्चा-बच्चा दोनों को बेहतर इलाज मिलेगा। उन्होंने वार्ड जाकर वहां पर भर्ती प्रसूताओं से यूनिट के तहत मिल रही सुविधा के बारे में जाना भी।
सीएमओ डॉ. डीके सिंह ने बताया कि कंगारू मदर केयर यूनिट 6 बेड की यूनिट है। इसमें ढाई किलो से कम बच्चे/समय से पूर्व जन्मे बच्चे को माँ के साथ रखा जाना है। जिससे बच्चे का वजन 15 से 20 ग्राम प्रतिदिन बढ़ने की संभावना होती है और कमजोर तथा समय से पूर्व पैदा हुए बच्चे का विकास अपेक्षाकृत तेजी से होता है। उसकी मृत्यु की संभावना काफी कम होने के साथ माँ-बच्चे का आपसी भावनात्मक लगाव बढ़ता है।
इससे जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ रहते हैं। लखनऊ से आई रंजना आगामी एक सप्ताह तक केएमसी यूनिट स्टाफ नर्स को केएमसी दिए जाने के लिए प्रशिक्षित करेंगी। प्रशिक्षक रंजना अवंती बाई और मेडिकल कॉलेज लखनऊ में भी केएमसी यूनिट देखती है। महिला सीएमएस डॉ. रेनू चौधरी ने बताया कि इस यूनिट के शुरू होने से जच्चा-बच्चा दोनों को लाभ मिलेगा। बेहतर इलाज की व्यवस्था इस यूनिट में है। इस मौके पर एसडीएम सदर निशा, पुरुष जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. एनके श्रीवास्तव, उप जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अंजली सिंह, प्रमोद, रंजना मौजूद रही।