रायबरेली। विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस में तीन साल से जमे निरीक्षकों के तबादले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले में तैनात सात थानेदार समेत 14 निरीक्षकों का गैर जनपद स्थानांतरण हुुआ है।
करीब ढाई साल से शहर कोतवाली की जिम्मेदारी संभालने वाले इंस्पेक्टर अतुल सिंह को सीतापुर भेजा गया है। वह इतने लंबे समय तक कोतवाली की जिम्मेदारी संभालने वाले पहले निरीक्षक रहे। इसके अलावा बछरावां कोतवाल राकेश सिंह खीरी, खीरों थानेदार हरिशंकर प्रजापति, नसीराबाद थानेदार राज कुमार पांडेय को हरदोई भेजा गया है।
गदागंज थानेदार अमरनाथ यादव उन्नाव, सरेनी थानेदार अनिल कुमार सिंह सीतापुर, महराजगंज कोतवाल मनोज कुमार का खीरी जिला स्थानांतरण हुआ है। इसके अलावा धीरेंद्र प्रताप सिंह सीतापुर, रवेंद्र सिंह हरदोई, अभिनेंद्र कुमार, जयप्रकाश सीतापुर, अरुण कुमार सिंह, असलम अली खीरी, राकेश सिंह को सीतापुर में तैनाती दी गई है।
इसके अलावा सीतापुर में तैनात विनय कुमार सिंह, संजय कुमार, हरकेश सिंह, पंकज कुमार त्यागी, उन्नाव में तैनात इंस्पेक्टर श्याम कुमार पाल, संतोष कुमार सिंह, हरदोई में तैनात जितेंद्र मोहन सरोज, राकेशचंद्र, बृजेश कुमार सिंह, खीरी में तैनात घनश्याम राम, रमेश चंद्र यादव, शैलेंद्र कुमार सिंह, राजित राम को रायबरेली भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए तीन साल से जमे इंस्पेक्टरों का तबादला हुआ है। जल्द सभी को यहां से अन्य जिलों के लिए रिलीव किया जाएगा।