एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह, उनके समर्थकों और सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ शुक्रवार को एसपी के निर्देश पर आचार संहिता उल्लंघन की एफआईआर दर्ज कराई गई है। हरचंदपुर विधान सभा सीट के एक बूथ पर मतदान प्रभावित करने का भी आरोप है। प्रेक्षक के दखल पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला गुरुवार की दोपहर का है। हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र प्राथमिक स्कूल हसनापुर के बूथ संख्या 263 पर गुरुवार को मतदान चल रहा था। इसी दौरान एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह अपने 10-12 समर्थकों, सुरक्षा कर्मियों के साथ पहुंचे और वहां कुछ देर रुककर जायजा लेकर वापस लौट गए।
यह पूरा घटनाक्रम वीडियोग्राफी में कैद हो गया। इसकी शिकायत प्रेक्षक डॉ. अरुण कुमार शर्मा से की गई थी। प्रेक्षक ने एसपी को पूरे मामले का हवाला देते हुए मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। प्रकरण हरचंदपुर थाने से जुड़ा होने के कारण दर्ज नहीं किया गया।
प्रेक्षक के फिर से कहने पर एसपी ने शुक्रवार को महराजगंज कोतवाल आरके मिश्रा से रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। इस पर कोतवाल ने रिपोर्ट लिखाई। कोतवाल का कहना है कि एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह, उनके 10-15 अज्ञात समर्थक और सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है। इन पर मतदान प्रभावित करने का आरोप है। जांच के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई होगी।