रायबरेली। विधान परिषद सदस्य पद के चुनाव के लिए सात अप्रैल की शाम पांच बजे से चुनाव प्रचार थम जाएगा। जिला प्रशासन ने नौ अप्रैल को शांतिपूर्वक मतदान कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पोलिंग पार्टियां आठ अप्रैल को गोराबाजार स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से रवाना होंगी। पोलिंग पार्टियों में शामिल होने वाले कर्मचारियों को बुधवार को दूसरे चरण का प्रशिक्षण दिया गया।
जिले में एमएलसी पद के लिए नामांकन का काम पूरा होने के बाद एक ओर जहां प्रत्याशी प्रचार मेें जुटे हैं, वहीं जिला प्रशासन चुनाव कराने के लिए तैयारियों में जुटा है।
माइक्रो ऑब्जर्वर, पीठासीन अधिकारियों, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेटों को पहले चरण का प्रशिक्षण देने के बाद बुधवार को दूसरे चरण का प्रशिक्षण दिया गया।
नौ अप्रैल को जिले के 18 ब्लॉक कार्यालयों में बनाए गए बूथों पर होने वाले मतदान के लिए तैयारियां लगभग पूरी की जा चुकी हैं। सात अप्रैल को चुनाव प्रचार थमने के साथ ही आठ अप्रैल को पोलिंग पार्टियों बूथों के लिए रवाना की जाएंगी। नौ अप्रैल को मतदान के बाद 12 अप्रैल को मतगणना कराई जाएगी।
कंट्रोल रूम रखेगा मतदान पर पूरी तरह नजर
कलेक्ट्रेट स्थित चुनाव कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम से मतदान के दिन सभी बूथों पर नजर रखी जाएगी। कंट्रोल रूम का नोडल अधिकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद त्रिपाठी को बनाया गया है।
कंट्रोल रूम का नंबर 8299710695 व 0535-2975451 है। सात अप्रैल की शाम चार बजे से नौ अप्रैल को मतदान समाप्ति तक एवं मतगणना के दिन 12 अप्रैल को संपूर्ण दिवस देशी मदिरा, विदेशी मदिरा, बीयर, मॉडल शाप, भांग, ताड़ी की दुकानें बंद रहेंगी।
एमएलसी पद के लिए मतदान कराने के लिए तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण का काम पूरा हो गया है। आठ अप्रैल को गोराबाजार से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। 18 पोलिंग पार्टियों को बूथों पर भेजा जाएगा। सात पोलिंग पार्टियों को रिजर्व में रखा जाएगा।
अमित कुमार, एडीएम (प्रशासन)