रायबरेली। शहर के फिरोज गांधी महाविद्यालय में हर साल स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश को लेकर मारामारी रहती है। इस बार भी कुछ ऐसा ही है। इस साल निर्धारित सीटों से दोगुने आवेदन आए हैं। इसीलिए अगले हफ्ते मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
वरीयता सूची के आधार पर दाखिले लिए जाएंगे। यानी कि दाखिला लेने के लिए अभ्यर्थियों को अभी इंतजार करना होगा। दूसरी तरफ स्नातक द्वितीय वर्ष में दाखिले हो चुके हैं और तृतीय वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया चल रही है।
फिरोज गांधी महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश की प्रक्रिया अगले हफ्ते शुरू होगी, क्योंकि अभी वरीयता सूची जारी नहीं हुई है। वरीयता सूची इसी माह के अंत में जारी होने की उम्मीद है।
स्नातक प्रथम वर्ष में 1386 सीटें निर्धारित हैं, जिसमें बीए प्रथम वर्ष में 792, बीकॉम प्रथम वर्ष में 198 और बीएससी प्रथम वर्ष में 396 सीटें शामिल हैं। दाखिला लेने के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या दोगुने से ज्यादा है।
वरीयता सूची के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। दूसरी तरफ स्नातक द्वितीय वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और कक्षाएं भी शुरू करा दी गई हैं। स्नातक तृतीय वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया चल रही है, जिसे तीन-चार दिन में पूरा कर लिया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बीडी मिश्र का कहना है कि प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए इस बार 2930 आवेदन पत्र बांटे गए थे। अभ्यर्थियों के आवेदन पत्रों का परीक्षण कराया जा रहा है और उनकी श्रेणीवार सूची बनाई जा रही है, ताकि वरीयता सूची तैयार हो सके।
स्नातक प्रथम वर्ष की मेरिट लिस्ट 28-29 सितंबर को जारी कर दी जाएगी, जबकि परास्नातक प्रथम वर्ष की मेरिट लिस्ट 1 से 3 सितंबर के बीच जारी होगी। स्नातक प्रथम वर्ष के प्रवेश शुरू होने से पहले तृतीय वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। द्वितीय वर्ष के प्रवेश पूरे होने के बाद कक्षाएं भी चलने लगी हैं।