रायबरेली। पशुपालन विभाग की ओर से शनिवार को राही ब्लॉक के बेलाभेला गांव में पं. दीनदयाल पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी ने गाय की पूजा और माल्यार्पण कर मेले का शुभारंभ कराया।
मेले में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. गजेंद्र प्रताप सिंह ने पशु पालकों को विभाग की ओर से संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सयम-समय पर शासन की ओर से पशुपालकों के लिए मदद भी दी जाती है। पशुओं के इलाज और अन्य सुविधाओं के लिए जिले के सभी ब्लॉकों में पशु चिकित्सालय खोले गए हैं।
पशु आरोग्य मेले में 349 पशुओं का इलाज किया गया। साथ ही 26 पशुओं का बधियाकरण, सात पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान के साथ ही दो पशुओं का बीमा किया गया। डिप्टी सीवीओ डॉ. एजाज, डॉ. रामशब्द, डॉ. शैलेंद्र, पशुधन प्रसार अधिकारी प्रशांत, अरविंद मौर्या, पंकज गुप्ता आदि मौजूद रहे। मेले में आए पशुपालकों को पशुओं को स्वस्थ रखने और दुधारू पशुओं के संबंध में जानकारी दी गई।
जगतपुर प्रतिनिधि के अनुसार, हरदी टीकर गांव में पशु आरोग्य मेला लगा। मेले में 255 किसानों ने अपने मवेशियों का पंजीकरण कराया। डॉ. अशोक वर्मा, राजेश कुमार ने पशुओं की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई। पशुपालकों को गंभीर बीमारियों के विषय में जानकारी दी गई। इस मौके पर पूर्व प्रधान अमरेश सिंह, विजय यादव, सहदेव, गंगा प्रसाद, रमेश, विनय सिंह, छोटेलाल अयोध्या आदि लोग मौजूद रहे।