रायबरेली। माघ मेला शनिवार से शुरू हो रहा है और प्रयागराज में पहले स्नान पर्व पौष पूर्णिमा के लिए रेलवे ने व्यवस्था चाक चौबंद कर ली है। स्नान के लिए भारी भीड़ उमड़ेगी, इसके चलते जिले से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों को प्रयागराज संगम भेजने के बजाय फाफामऊ या प्रयाग जंक्शन पर रोकने के आदेश दिए गए हैं। स्नानार्थियों को इन्हीं स्टेशनों पर उतरना होगा। यह व्यवस्था माघ मेला के सभी स्नान पर्व पर लागू रहेगी। वापसी में यही ट्रेनें प्रयागराज संगम के स्थान पर प्रयाग जंक्शन से चलाई जाएंगी। इसलिए यात्रियों को प्रयाग जंक्शन पहुंचना होगा। उधर, व्यवस्था को बनाए रखने के लिए रायबरेली के रेलकर्मियों की भी डयूटी प्रयागराज में लगाई गई है।
लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर और कानपुर अनवरगंज-प्रयागराज पैसेंजर को 2 से 4 जनवरी, 13 से 15, 17 से 19, 22 से 24 जनवरी, 31 जनवरी से 2 फरवरी और 14 से 16 फरवरी तक फाफामऊ में रोक लेंगे। लखनऊ-प्रयागराज इंटरसिटी एक्सप्रेस, लखनऊ-प्रयागराज गंगा गोमती एक्सप्रेस और कानपुर-प्रयागराज इंटरसिटी एक्सप्रेस 2, 3, 4, 13, 14, 15, 17, 18, 19, 22, 23, 24, 31 जनवरी, 1, 2, 14, 15, 16 फरवरी को प्रयाग जंक्शन तक ही जाएंगी। इसके अलावा 1, 2, 3, 12, 13, 14, 16, 17, 18, 21, 22, 23, 30, 31 जनवरी, 1, 13, 14, 15 फरवरी को चलने वाली चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस, सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस और बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस भी प्रयाग जंक्शन तक जाएंगी। हरिद्वार-प्रयागराज एक्सप्रेस को 2, 12, 14, 16, 21, 23, 30 जनवरी व 13 फरवरी को प्रयाग जंक्शन में रोक लेंगे।
प्रयागराज-कानपुर अनवरगंज पैसेंजर, प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर, प्रयागराज-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, प्रयागराज-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, प्रयागराज-लखनऊ गंगा गोमती एक्सप्रेस, प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस, प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस और प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस को 2 से 4, 13 से 15, 17 से 19, 22 से 24 जनवरी तक, 31 जनवरी से 2 फरवरी तक और 14 से 16 फरवरी तक प्रयागराज जंक्शन से चलाएंगे। प्रयागराज-हरिद्वार एक्सप्रेस 4, 13, 15, 18 व 22 जनवरी, 1 व 15 फरवरी को प्रयाग जंक्शन से प्रस्थान करेगी। उत्तर रेलवे लखनऊ के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि माघ मेला के दौरान स्नान दिवस के साथ ही उसके एक दिन पहले और एक दिन बाद प्रयागराज संगम स्टेशन बंद रहेगा। इसीलिए कई ट्रेनों के संचालन में थोड़ा परिवर्तन किया गया है।
ट्रेनों में दिखने लगी भीड़, बढ़ी सतर्कता
रायबरेली। प्रयागराज में शनिवार को पौष पूर्णिमा स्नान के कारण शुक्रवार को ट्रेनों में भीड़ रही। सभी स्नान दिवसों पर प्रयागराज जाने और फिर लौटने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ रहेगी, इसीलिए जिले के सभी रेलवे स्टेशनों के साथ ही ट्रेनों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। जिन स्टेशनों पर भीड़ बहुत अधिक होगी, वहां पर ट्रेनों का ठहराव देर तक किया जा सकता है। अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जा सकते हैं। अभी तक जिले से होकर कोई भी स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय नहीं लिया गया है, लेकिन जरूरत पड़ी तो स्पेशल ट्रेनें चलाई जा सकती हैं। जीआरपी प्रभारी सचिन कुमार का कहना है कि स्टेशनों पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा पर ध्यान दिया जा रहा है। आरपीएफ के इंस्पेक्टर एके सिंह ने बताया कि स्टेशनों के साथ आसपास भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
डीआरएम समेत कई मंडलीय अफसरों ने किया मुआयना
रायबरेली। उत्तर रेलवे लखनऊ के मंडल रेल प्रबंधक एसके वर्मा के साथ ही ज्यादातर मंडलीय अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार को जिले में रेलवे ट्रैक, क्रॉसिंग और स्टेशनों का निरीक्षण किया। लखनऊ से स्पेशल ट्रेन के जरिए निकले अधिकारियों की टीम बछरावां, रायबरेली और ऊंचाहार होते हुए प्रयागराज चली गई। किसी भी स्टेशन पर मंडलीय अधिकारी नहीं उतरे, लेकिन विंडो ट्रेलिंग के जरिये पूरे रेल मार्ग का मुआयना किया। माघ मेला का पहला स्नान दिवस होने के कारण सभी अधिकारी प्रयागराज में ही रुके रहेंगे। यातायात निरीक्षक बाल मुकुंद ने बताया कि डीआरएम समेत सभी अधिकारी बिना रुके प्रयागराज चले गए।