रायबरेली। गैंगेस्टर अधिनियम में फरार चल रहे शराब माफिया ग्राम प्रधान को मिल एरिया पुलिस ने रविवार रात दबोच लिया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया। काफी समय से पुलिस उसको तलाश रही थी। राही ग्राम प्रधान के खिलाफ 13 आपराधिक मुकदमे थाने में दर्ज हैं। एसपी श्लोक कुमार ने ग्राम प्रधान को गिरफ्तार करने वाली टीम को 10 हजार रुपये का इनाम दिए जाने की बात कही है।
सीओ सदर महिपाल पाठक ने बताया कि राही गांव निवासी प्रधान अमन जायसवाल उर्फ शिवम गैंगेस्टर अधिनियम में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसपी ने 10 हजार रुपये का ईनाम भी घोषित किया था। मिल एरिया थानेदार आशुतोष त्रिपाठी को बीती रात सूचना मिली कि अमन गांव के बाहर मौजूद है। इस पर थानेदार ने दल-बल के साथ पहुंचकर उसे दबोच लिया।
सीओ ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी शराब माफिया भी है। उसका नाम कई बार शराब तस्करी में आ चुका है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम समेत 13 मुकदमे दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि प्रधान को जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
डीपीआरओ उमाशंकर मिश्रा का कहना है कि यदि ग्राम प्रधान को जेल भेजा गया है तो ब्लॉक से रिपोर्ट आते ही विकास कार्यों को संचालित कराने के लिए ग्राम पंचायत में समिति का गठन कराया जाएगा। ग्राम पंचायत में विकास कार्य प्रभावित नहीं होने पाएंगे।