रायबरेली। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से आपदा राहत सहायता योजना के तहत सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वर्चुअल के माध्यम से जिले के 43,900 श्रमिकों को भरण पोषण भत्ता दिया।
सीएम ने श्रमिकों के खाते में एक-एक हजार रुपये के हिसाब से ऑनलाइन 4.39 करोड़ रुपये भेजे। वहीं असंगठित क्षेत्र के कामगारों के पंजीकरण के लिए पोर्टल का शुभारंभ किया।
एनआईसी में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक अधिक से अधिक श्रम विभाग में अपना पंजीयन करवाएं। श्रमिक शासन की लाभ परक योजनाओं से जुड़कर राष्ट्र निर्माण से भी जुड़े।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन राम अभिलाष ने कहा कि जारी किए गए पोर्टल पर अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण कराया जाए। एनआईसी सभागार में विधायक राम नरेश रावत, एमएलसी उमेश द्विवेदी, सहायक श्रमायुक्त शंकर, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अंकित सिंह, राकेश कुमार पाल आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिले के छह श्रमिक रामदीन, गंगादीन, शीतल, अजय सिंह, राजेश मिश्रा, बुद्धीलाल को सहायता धनराशि के साथ ही प्रमाणपत्र वितरित किया गया।