रायबरेली में सोमवार को शहर के रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म दो पर धूप में बैठे ट्रेन का इंतजार करत
रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली ट्रेनों केे संचालन पर कोहरे का असर साफ दिख रहा है। यही वजह है कि ट्रेनों के निरस्त करना पड़ रहा है। ट्रेनें काफी विलंब से भी पहुंच रही हैं। इससे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इधर कई दिनों से कड़ाके की ठंड के कारण प्लेटफॉर्म पर सन्नाटा नजर आ रहा था, लेकिन सोमवार को धूप खिलने से प्लेटफॉर्म पर काफी चहल-पहल नजर आई। ज्यादातर यात्री धूप में बैठे नजर आए। भले ही ट्रेनें काफी लेट रही, लेकिन धूप के कारण यात्रियों ने राहत महसूस की। मंगलवार को बनारस से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और टनकपुर से शक्ति नगर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।
सोमवार को नई दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस, शक्ति नगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस, देहरादून-बनारस जनता मेल और बनारस-देहरादून जनता मेल निरस्त होने के कारण नहीं आई, जिससे यात्रियों को दूसरी ट्रेनों या फिर रोडवेज बस से सफर करना पड़ा। मुंबई-प्रतापगढ़ उद्योग नगरी एक्सप्रेस ने साढ़े तीन घंटे, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल ने तीन घंटे, पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस ने ढाई घंटे, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल ने सवा दो घंटे और लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर ने पौने दो घंटे इंतजार कराया।
प्रयागराज-कानपुर पैसेंजर, प्रयागराज-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस व जम्मू तवी-पटना अर्चना एक्सप्रेस एक घंटे, लखनऊ-बनारस एक्सप्रेस, बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ व टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस पौन घंटे, दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस आधे घंटे और प्रयागराज-गोरखपुर वंदेभारत एक्सप्रेस 15 मिनट विलंब से आई। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि कोहरे की वजह से ट्रेनें निरस्त हो रही हैं और विलंब से भी आ रही हैं।