हरचंदपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के रुकनापुर गांव में सोमवार को मोबाइल चोरी करने के शक में डंडे से वार करके एक युवक की हत्या कर दी गई। इस वारदात को उसके साथी ने ही अंजाम दिया। दिनदहाड़े हुई हत्या से दहशत फैल गई। जानकारी पर पहुंचे लोगों ने आक्रोश जताते हुए कार्रवाई की मांग की। इस बीच सीओ महराजगंज रामकिशोर सिंह और थानेदार सुरेश सिंह ने पहुंचकर परिवारीजनों से बात करके उन्हें शांत कराया। साथ ही मामले में सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र के रुकनापुर गांव निवासी आलोक सिंह (25) और उसके साथी में सुबह करीब नौ बजे लखनापुर गांव के पास विवाद हो गया। बताते हैं कि आलोक के दोस्त का मोबाइल चोरी हो गया था। उसे शक था कि आलोक ने ही मोबाइल चोरी करके उसे बेच दिया है। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। बस इतनी सी बात को लेकर दोस्त ने डंडा उठाया और आलोक को गर्दन के पास मार दिया। एक ही डंडे में आलोक की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी दोस्त फरार हो गया।
घटना की जानकारी होने पर मृतक का चचेरा भाई राहुल सिंह ने मौके पर पहुंचकर आलोक को सीएचसी हरचंदपुर पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कुछ देर बाद ही अन्य लोग मौके पर जुट गए। घटना पर नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर सीओ व थानेदार ने सीएचसी पहुंचकर लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया।
घटना के बाद से अन्य परिवारीजनों में कोहराम मचा है। मृतक आलोक के पिता समेत अन्य परिवार के लोग मुंबई में रहते हैं। सूचना पर परिवारीजन मुंबई से घर के लिए चल दिए हैं। थानेदार सुरेश सिंह का कहना है कि मोबाइल चोरी करने के शक में दोस्त ने ही आलोक की डंडे से वार करके हत्या की है। परिवारीजन मुंबई से घर आ रहे हैं। तहरीर मिलने पर मामले में केस दर्ज करके सख्त कार्रवाई की जाएगी।