रायबरेली। पं. रामेश्वर वाजपेयी स्मृति महाविद्यालय मुंशीगंज में तीन दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती से शुरू हुई खेलकूद प्रतियोगिताएं मतदाता दिवस पर समाप्त हुई। इस मौके पर खिलाडिय़ों, छात्र-छात्राओं को शपथ भी दिलाई गई। शिक्षकों ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला।
खो-खो प्रतियोगिता का निर्णायक मैच टीम सी (रानी लक्ष्मीबाई) और टीम डी (इंदिरा) के मध्य खेला गया। इसमें टीम डी (इंदिरा) विजेता और टीम सी (रानी लक्ष्मीबाई) उप विजेता घोषित की गई। खो-खो में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब श्वेता (बीए प्रथम वर्ष) को प्रदान किया गया। क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच टीम बी एवं टीम सी के मध्य खेला गया, जिसमें टीम सी विजेता और टीम बी उप विजेता रही।
मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सिरीज का खिताब प्रवेश कुमार (एमए द्वितीय वर्ष) को दिया गया। अंपायरिंग हिंदी प्रवक्ता विजय प्रताप सिंह एवं वाणिज्य प्रवक्ता गौरव श्रीवास्तव ने की। कमेंट्रेटर बीए प्रथम वर्ष के छात्र आशीष तिवारी रहे। संचालन राजनीति विज्ञान की प्रवक्ता गरिमा सिंह ने किया।