रायबरेली। महराजगंज में हुए शराब कांड के मुख्य आरोपी ठेकेदार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस हिरासत में लिए गए ठेकेदार से पूछताछ करके जानने का प्रयास कर रही है कि बिंडीज ब्रांड की देशी शराब में कौन सा जहरीला केमिकल मिलाया गया था। सूत्र बताते हैं कि पूरी पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं। पूछताछ के बाद कई और लोग लपेटे में आ सकते हैं।
जहरीली शराब पीने से दस लोगों की मौत के बाद एसपी श्लोक कुमार ने स्वयं कमान संभाली और पुलिस टीमों के साथ स्वयं आरोपियों की धरपकड़ के लिए मौजूद रहे। यही वजह रही कि एसपी पूरे दिन महराजगंज क्षेत्र में ही रहे। पुलिस सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी एवं देशी शराब के ठेकेदार धीरेंद्र सिंह को हिरासत में ले लिया है। शुक्रवार को पुलिस पूरे प्रकरण से परदा उठाएगी। हालांकि मुख्य आरोपी को हिरासत में लिए जाने से पुलिस अफसर इंकार कर रहे हैं। एसपी का कहना है कि मुख्य आरोपी की धरपकड़ के लिए प्रयास किया जा रहा है। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।