महराजगंज (रायबरेली)। दो दिन बाद जिस दूल्हे के सिर पर सेहरा बंधना था। उसके ठीक पहले दूल्हे के हाथों में हथकड़ी लग गई। चोरी के मामले में दूल्हे और उसके साथी को जेल भेज दिया गया।
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे पंडित का पुरवा मजरे चंदापुर गांव निवासी अतुल यादव का मोबाइल फोन दो महीने पूर्व चोरी हो गया था।
पुलिस ने केस दर्ज करके पड़ताल शुरू की तो मोबाइल फोन की लोकेशन मिल एरिया थाना क्षेत्र के बुढना मंचितपुर गांव के प्रदीप यादव के पास मिली। पुलिस ने प्रदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि हमने पंडित का पुरवा मजरे चंदापुर निवासी अखिलेश से मोबाइल खरीदा है।
पुलिस ने उसको भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक मामले में प्रदीप और अखिलेश को गिरफ्तार कर लिया गया। जिस आरोपी अखिलेश को मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप में जेल भेजा गया है। उसकी सोमवार को बारात जानी है। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि चोरी के मामले में जेल भेजा गया।
गिड़गिड़ाता रहा परिवार
मोबाइल फोन चोरी किए जाने के आरोप में जेल भेजे गए युवक के परिवारीजन पुलिस के सामने मिन्नतें करते रहे। दुहाई देते रहे कि दो दिन बाद बेटे की शादी है, उसे छोड़ दिया जाए।
आरोपी युवक के परिवारीजन चार दिन की मोहलत भी मांग रहे थे, लेकिन पुलिस नहीं पसीजी। वादी अतुल यादव भी सुलह को तैयार हो गया था, लेकिन कानून में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी कि आरोपी को शादी किए जाने तक छोड़ा जा सके। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।