जीआईसी के सामने सरकारी आवास में लाखों रुपये का घी व रिफाइंड बरामद होने के मामले में मंडी परिषद ने रिटायर्ड एबीएसए के बेटे को नोटिस जारी किया है। बिना पंजीयन व टैक्स जमा किए ही कारोबार किया जा रहा था।
बुधवार को एफएसडीए व मंडी परिषद की टीम ने जीआईसी के सामने सरकारी आवास में छापा मारा था। इसमें सुल्तानपुर से रिटायर्ड एबीएसए विद्याप्रकाश गुप्ता रहते हैं। भारी मात्रा में घी-तेल बरामद हुआ था।
मिलावटखोरी की आशंका पर गोदाम सीज कर दिया गया। मंडी परिषद ने रिटायर्ड एबीएसए के बेटे हिमांशु गुप्ता को नोटिस दिया है।
मंडी सहायक सुरेश शुक्ला का कहना है कि कारोबार से पहले मंडी परिषद में रजिस्ट्रेशन के साथ ही ढाई प्रतिशत टैक्स जमा करना होता है, पर ऐसा नहीं किया। मामले में नोटिस दिया गया है। जवाब आने पर अगली कार्रवाई होगी।