फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिंचाई विभाग के बेलदार व पत्नी की हत्या

Thu, 30 Jun 2016 11:39 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ रायबरेली
विज्ञापन
रायबरेली में गुरुवार को नहर कोठी स्थित सरकारी आवास में बेलदार व उसकी पत्नी की हुई हत्या के बाद लगा ग्रामीणों का मजमा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
गदागंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात सिंचाई विभाग के बेलदार और उसकी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। डंडों से शरीर पर प्रहार कर और गला दबाकर दोनों को मौत के घाट उतारा गया। बेलदार यहां नहर कोठी स्थित आवास में पत्नी के साथ रह रहा था।
विज्ञापन


वारदात की जानकारी से सनसनी फैल गई। एसपी व एएसपी के साथ कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। आवास के अंदर सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। ऐसे में वारदात के पीछे लूट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस इससे इंकार कर रही है। उसका मानना है कि  रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है।

खीरों थाना क्षेत्र के बीजेमऊ खपरा गांव निवासी सुधीर कुमार दीक्षित (50) पुत्र सोनेलाल सिंचाई विभाग में बेलदार था। मौजूदा समय में गदागंज थाना क्षेत्र के गोविंदपुर माधव स्थित नहर कोठी में उसकी तैनाती थी। वह कोठी के सरकारी आवास में पत्नी फूलमती (48) के साथ रहता था।
विज्ञापन


रात में बेलदार और उसकी पत्नी फूलमती की हत्या कर दी गई। हमलावरों ने दोनों की डंडों से पिटाई कर और गला दबाकर मारा। सुबह वारदात की जानकारी से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। गदागंज के अलावा ऊंचाहार, डलमऊसमेत कई थानों की फोर्स पहुंची।

आवास के अंदर के कमरे का ताला टूटा था। घर का सामान इधर-उधर बिखरा था। माता-पिता की हत्या की सूचना पर रायबरेली शहर में रहने वाला बेटा ओम प्रकाश दीक्षित मौके पर पहुंचा।
बेटे के मुताबिक रात में दस बजे पिता से फोन पर बात हुई थी, तब तक सब कुछ ठीकठाक था।

बेटे के मुताबिक वह शहर में रहता है और पीसीएस की तैयारी कर रहा है। उसकी बहन वंदना दीक्षित सैफई में रहकर फिजियोथैरेपी सीख रही है। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस डबल मर्डर की वजह रंजिश मान रही है। रंजिश किससे थी, यह पता लगाने का प्रयास कर रही है। विभाग के एक्सईएन सिद्धार्थ कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे।

एसपी हरिनारायण सिंह का कहना है कि बेलदार और उसकी पत्नी की हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अब तक कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द डबल मर्डर का पर्दाफाश होगा। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।

वहीं लोगों का कहना हे कि पुलिस भले ही डबल मर्डर की वजह रंजिश मान रही हो, लेकिन घटनास्थल का नजारा कुछ और ही बयां कर रहा है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने आवास पर धावा बोला था। लूट का विरोध करने पर दंपती की हत्या कर दी गई।

यही वजह रही कि आवास के कमरे का ताला लूटा था। सामान इधर-उधर बिखरा था। हालांकि थानेदार यादुवेंद्र सिंह का कहना है कि सामान इधर-उधर जरूर बिखरा था, लेकिन कई अटैची रखी थी, जो बंद थी। हमलावर कोई सामग्री लूटकर नहीं ले गए। ऐेसे में यह डबल मर्डर रंजिश में ही अंजाम दिया गया है।

बेलदार सुधीर कुमार और उसकी पत्नी की हत्या के बाद सिंचाई विभाग के सभी खंडों में शोक का माहौल है। एक्सईएन सिद्धार्थ कुमार सिंह की अध्यक्षता में शोक सभा हुई। इसमें सिंचाई खंड के एक्सईएन त्रयंबक त्रिपाठी, दक्षिणी के प्रशासनिक अधिकारी श्याम किशोर त्रिपाठी, जेई हरिश्चंद्र, विनय कुमार धामी, कर्मचारी नेता जयचंद्र वर्मा, एसपी शुक्ला समेत सभी कर्मचारियों ने शोक संवेदना व्यक्त की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें