हरचंदपुर (रायबरेली)। मझिगवां हरदोई गांव में बुधवार को खेलते समय पांच वर्षीय मासूूम शौचालय के निर्माणाधीन टैंक में गिर गया।
परिवारीजनों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मासूम की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। हालांकि परिवारीजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
ओम प्रकाश और उनके परिवार के लोग बुधवार सुबह घरेलू कामकाज में व्यस्त थे। घर के पास शौचालय का टैंक बनाया गया था, लेकिन उसमें ढक्कन नहीं लगाया गया था।
इसी दौरान ओम प्रकाश का बेटा रूद्र (5) खेलते-खेलते घर से बाहर आ गया। मासूम घर के बाहर बने शौचालय के टैंक में गिर गया। कुछ देर बाद परिवारीजन बेटे की खोजबीन करने लगे।
इस दौरान उसे टैंक में गिरा देख सभी घबरा गए। आननफानन परिवारीजनों ने उसे बाहर निकाला और सीएचसी हरचंदपुर पहुंचाया, जहां रूद्र को मृत्यु घोषित कर दिया गया।
बेटे की मौत से पिता ओम प्रकाश के आंसू नहीं थम रहे थे। उनका कहना था कि शौचालय के टैंक में गिरने से बेेटे की जान गई। थानेदार उरेश सिंह ने बताया कि शौचालय के टैंक में गिरने से मासूम की मौत हुई थी। परिवारीजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है।