रायबरेली। खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने शुक्रवार को बचत भवन में विकास कार्याें व अपराध की समीक्षा की। उन्होंने जिले में औद्योगिक विकास की चर्चा करते हुए कहा कि जल्द ही करीब 100 एकड़ भूमि पर औद्योगिक पार्क की स्थापना की जाएगी। उन्होंने डीएम को औद्योगिक पार्क के लिए स्थान चयनित करके प्रस्ताव शासन को भेजने के आदेश दिए।
कहा कि इस पार्क की स्थापना से जिले में उद्योग-धंधों को बढ़ावा मिलेगा और बड़ी संख्या में युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाया जाए। बजट की कमी हो तो शासन से डिमांड की जाए। उन्होंने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, आवास, पोषण, कृषि एवं अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। नहरों की सिल्ट की सफाई कराते समय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनसे स्थलीय निरीक्षण कराया जाए।
बैठक में सदर विधायक अदिति सिंह, सलोन विधायक अशोक कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी, पूर्व विधायक रामलाल अकेला, डीएम हर्षिता माथुर, एसपी डॉ. यशवीर सिंह, सीएमओ डॉ. नवीनचंद्रा, सीडीओ अर्पित उपाध्याय, पीडी सतीश प्रसाद मिश्रा आदि मौजूद रहे।
गेस्टहाउस में की कोर कमेटी की बैठक
प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जनप्रतिनिधियों व विभागीय अधिकारियों के साथ कोर कमेटी की बैठक की। विकास कार्यों की प्रगति, कानून-व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत से चर्चा की। कहा कि प्रदेश सरकार आमजन के कल्याण और विकास कार्यों के सुचारु संचालन के लिए प्रतिबद्ध है। योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनसे क्षेत्र की समस्याओं एवं जनता की अपेक्षाओं के बारे में जानकारी ली।