ऊंचाहार (रायबरेली)। खालिकपुरकला गांव में सहन की जमीन को लेकर दबंगों ने एक घर पर धावा बोलकर महिलाओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसमें पांच महिलाएं घायल हो गईं। दो महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हमलावरों ने फायरिंग भी की, लेकिन गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। घर में तोड़फोड़ भी की गई। सूूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घटना की जांच की।
ऊंचाहार के खालिकपुरकला गांव निवासी विनोद कुमार (60) के सहन की जमीन पर दो दिन पहले परिवार के ही लोग जबरन शौचालय बना रहे थे, जिसका उसने विरोध किया था।
कहासुनी के बाद मामला कोतवाली पहुंचा था। इसके बाद पुलिस ने काम बंद करा दिया और पहले लेखपाल से नाप कराने की बात कही थी। इसके बाद से दोनों पक्षों में तनातनी चल रही थी।
बताते हैं कि गुरुवार सुबह विनोद के घर के लोग काम कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी दो बोलेरो व बाइकों से सरिया व असलहों से लैस लोगों के साथ उसके दरवाजे पहुंचा।
बताते हैं कि दबंगों ने पहले दो फायर किए। घर के लोग कुछ समझ पाते, इसके पहले ही हमलावर घर में घुस गए और हमला कर दिया।
घर में मौजूद जगरानी (65), अर्चना (28), सविता (25), अनीता (34), अमिता (21) को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बचाने आए विनोद को भी पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।
घर की कुर्सियां, स्कूटी, बाइक व दरवाजा तोड़ दिया। दबंगों का तांडव देख गांव के लोग घरों में दुबक गए। इस बीच किसी ने यूपी-112 को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर भाग निकले। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां विनोद व जगरानी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर, कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना के बाद घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।