रायबरेली। पूर्व मंत्री और ऊंचाहार से सपा विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद जिले की सियासत गरमा गई है। विधायक ने वीडियो को एडिट कर साजिशन मुकदमा दर्ज कराने वालों के खिलाफ मुकदमे की मांग की तो एमएलसी दिनेश सिंह ने भी सपा विधायक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
उधर, ऊंचाहार में भाजपाइयों ने विधायक का पुतला फूंका तो सपा ब्लॉक अध्यक्ष ने संवैधानिक पद पर तैनात विधायक का पुतला फूंकने वाले कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के बेटे उत्कृष्ट मौर्य सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमे की मांग की है। हालांकि इस मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। सपा और भाजपा के पदाधिकारियों ने अपना-अपना तर्क देकर सियासी फिजां को गर्म कर दिया है।
ऊंचाहार कोतवाली में प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाकर दर्ज कराए गए मुकदमे के बाद सोमवार को सपा विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय एक होटल में पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ ही वे भी एक संवैधानिक पद पर हैं। कहा कि प्रधानमंत्री पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी नहीं की है।
कैथवल के भ्रष्ट प्रधान की तुलना भगोड़ा घोषित नीरव मोदी से की थी क्योंकि कैथवल प्रधान के खिलाफ शासन स्तर की जांच में घपला पकड़ा गया है। घपले की एफआईआर भी दर्ज होने के साथ वसूली के भी आदेश हैं। वीडियो को एडिट करके वायरल किया गया और उनकी छवि को धूमिल करने के लिए साजिशन मुकदमा दर्ज कराया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी का कहीं भी नाम नहीं लिया। सिर्फ नीरव मोदी के खिलाफ बयान दिया है, फिर भी राजनीतिक विरोधी षड़यंत्र रचकर वाहवाही लूट रहे हैं। यह गलत है और इस तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए।
उधर, जिला पंचायत सभागार में पत्रकारों से रूबरू एमएलसी दिनेश सिंह ने ऊंचाहार से सपा विधायक एवं पूर्व मंत्री को अमर्यादित बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रधानों के लिए विधायक ने जिस भाषा का प्रयोग किया है, वह कतई मान्य नहीं है।
उन्होंने कैथवल प्रधान के खिलाफ विधायक पर शिकायत करके जांच करवाकर कार्रवाई करवाने का आरोप लगाया। जिले में कोई ब्राह्मण डीडीसी, बीडीसी व प्रधान नहीं है जो यह कहे कि वह ऊंचाहार विधायक के सहयोग से प्रधान बना है। विधायक लोकसभा के चुनाव में एक बड़े दल की चौखट पर सपा छोड़ने के लिए आतुर थे जिसके स्पष्ट प्रमाण मेरे पास हैं।
अगर योग्यता देखनी है तो आने वाले विधानसभा के चुनाव में ऊंचाहार विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव पट्टी रहस कैथवल के प्रधान अनुज उपाध्याय से लड़ें। पता चल जाएगा कि कौन प्रबुद्ध है।
वहीं, पूर्व मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय के वायरल वीडियो के खिलाफ सोमवार को भाजपाइयों ने एकत्र होकर नाराजगी जताई। साथ ही कोतवाली चौराहा पर पूर्व मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक का पुतला फूंककर गुस्से का इजहार किया। विधायक के खिलाफ नारेबाजी भी की।
कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के बेटे व भाजपा नेता अशोक मौर्या के नेतृत्व में भाजपाई नगर के कोतवाली चौराहा पहुंचे और नारेबाजी करते हुए विधायक का पुतला फूंका। इस मौके पर दीपू मौर्य, दिलीप मौर्य, अजय मौर्य, फूलचंद वर्मा, जितेंद्र सिंह, राकेश मौर्य, सुधीर गुप्ता व अनुज उपाध्याय मौजूद रहे।
उधर, सपा ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश यादव ने संवैधानिक पद पर आसीन विधायक मनोज पांडेय का पुतला फूंके जाने पर मंत्री के बेटे सहित अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज करवाने की मांग की। कोतवाल विनोद सिंह का कहना है कि शिकायत मिली है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई होगी।