रायबरेली। सलोन कोतवाली में तैनात दो होमगार्डों को अवैध वसूली की शिकायत पर हटा दिया गया है। आम जनता की शिकायत पर सीओ की लिखा-पढ़ी के बाद की गई कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। आम जनता ने कोतवाली में तैनात दो सिपाहियों पर भी अवैध उगाही करने का आरोप लगाया है, जिसकी जांच की जा रही है। जल्द इन सिपाहियों पर भी गाज गिर सकती है।
सलोन के सीओ विनीत सिंह ने बुधवार को दफ्तर पहुंचकर कार्यभार संभाला था। इस दौरान क्षेत्रीय जनता ने कोतवाली में तैनात दो होमगार्डों पर अवैध वसूली करने की शिकायत की थी। सीओ ने कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट को लिखा था। इसके बाद दोनों होमगार्डों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें कोतवाली से कार्यमुक्त कर दिया गया है।
सीओ ने बताया कि क्षेत्रीय जनता ने होमगार्ड रामखेलावन यादव, बीपी सिंह के खिलाफ अवैध वसूली, गोकसी, अवैध रूप से हरे पेड़ों को कटाने की शिकायत की थी। इसको गंभीरता से लेकर दोनों होमगार्डों पर कार्रवाई की गई। सीओ का कहना है कि कोतवाली में तैनात दो सिपाहियों के भी अवैध वसूली किए जाने की शिकायत मिली है। जांच कराई जा रही है।