रायबरेली। कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ने के साथ ही यूएसए और नाइजीरिया से लौटे दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसमें एक युवती शामिल है। दोनों मरीज शहर के ही रहने वाले हैं। एसजीपीजीआई लखनऊ से आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया। सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह, जांच प्रभारी डॉ. ऋषि बागची सहित अन्य अधिकारियों की टीम ने मरीजों के घर पहुंचकर जांच की। दोनों मरीजों को होमआइसोलेट कराया गया है। उधर, स्टेन का पता लगाने के लिए जिनोम सिक्वेंसिंग जांच के लिए भी सैंपल दिल्ली भेजा गया है। स्टेन का पता लगने के बाद मरीजों को अस्पताल में शिफ्ट कराया जाएगा।
शहर कोतवाली क्षेत्र के लालकोठी कहारों का अड्डा निवासी 28 वर्षीय युवती यूएसए से 13 दिसंबर को आई थी। इसके अलावा शहर के ही आनंद नगर का 45 वर्षीय व्यक्ति नाइजीरिया से आया था। कोरोना की जांच के लिए दोनों का सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए एसजीपीजीआई लखनऊ भेजा गया था। शनिवार को दोनों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सीएमओ सहित अन्य अधिकारियों व रिस्पांस टीम ने पहुंचकर मरीजों के साथ ही उनके घर के लोगों की सेहत की जांच की। जांच में सभी लोग स्वस्थ पाए गए।
मरीजों को भी ज्यादा समस्या न होने के कारण होम आइसोलेट करा दिया गया। आरटीपीसीआर जांच पॉजिटिव आने के बाद अब दिल्ली की लैब से वायरस के स्टेन का पता लगाने के लिए जिनोम सिक्वेंसिंग जांच के लिए सैंपल भेजा गया है। यह रिपोर्ट आने के बाद और मरीजों की हालत बिगड़ने पर अस्पताल में शिफ्ट कराया जाएगा।
एसजीपीजीआई लखनऊ की आरटीपीसीआर जांच में कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों के संपर्क में आए करीब 150 लोगों की सैंपलिंग कराकर जांच के लिए एसजीपीजीआई लखनऊ भेज दिया है। सैपलिंग में मरीजों के घर के सभी लोगों के साथ ही संबंधियों और मोहल्ले के लोगों को शामिल किया गया है।
कोरोना जांच के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषी बागची का कहना है कि कोरोना का खतरा कम नहीं हुआ है, लेकिन लोग एहतियात नहीं बरत रहे हैं। खतरे को देखते हुए स्वयं को बचाने का प्रयास करें। भीड़ में जाएं तो मास्क जरूर लगाएं और सोशल डिस्टेसिंग का पालन करें। लक्षण दिखाई पड़ते ही कोरोना की जांच जरूर कराएं। समय से कोरोना का पता लगने से इलाज के बाद मरीज को स्वस्थ किया जा सकता है।
एसजीपीजीआई लखनऊ से दो लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वायरस में स्टेन का पता लगाने के लिए सैंपल भेजा गया है। मरीजों को होम आइसोलेट कराकर संपर्क में आए 150 लोगों की सैंपलिंग कराई गई है।
-डॉ. वीरेंद्र सिंह, सीएमओ