रायबरेली। माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं में अब तेजी दिखने लगी है। पहले इन परीक्षाओं के प्राप्तांकों को दिसंबर के दूसरे सप्ताह तक वेबसाइट पर फीड करने का आदेश था, लेकिन अब यह अवधि घटा दी गई है। सभी विद्यालयों को 3 दिसंबर तक डाटा फीड करना होगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने डीआईओएस को भेजे पत्र में कहा है कि कक्षा 9 एवं 10 के छात्र-छात्राओं की अर्द्धवार्षिक लिखित परीक्षाओं के प्राप्तांक और कक्षा 11 एवं 12 की अर्द्धवार्षिक लिखित एवं प्रयोगात्मक परीक्षा के प्राप्तांक परिषद की वेबसाइट पर 3 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से अपलोड कराया जाना है।
निर्देश दिए गए हैं कि यदि किसी विद्यालय की सूचना अपलोड नहीं होती है तो इसके लिए डीआईओएस जिम्मेदार होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा ने बताया कि सभी विद्यालयों को अवगत करा दिया गया है कि वे निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए प्राप्तांकों को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कराएं। (संवाद)