रायबरेली। स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर) में शामिल रायबरेली के दिन बहुरने वाले हैं। पिछले साल कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद राज्य सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। लखनऊ से सटे बछरावां को स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन (एसआईआर) बनाने का प्रस्ताव है।
आवास विकास विभाग इस परियोजना पर सहमति के बाद अब मुख्यमंत्री की संस्तुति बाद इसका क्रियान्वयन शुरू होगा। बछरावां में पहले चरण में 12,500 करोड़ और दूसरे चरण में 13,500 करोड़ रुपये के निवेश की उम्मीद है। इससे जिले में ऑटोमोबाइल, फूड प्रोसेसिंग और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में निवेश के साथ ही रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
दिल्ली एनसीआर की तर्ज पर रायबरेली व लखनऊ समेत छह जिलों को शामिल करके एससीआर बनाया गया है। हाई लेवल कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद राज्य सरकार ने पिछले साल ही एससीआर को हरी झंडी दे दी थी। एससीआर में जिले के बछरावां, शिवगढ़, हरचंदपुर, रायबरेली शहर सहित पूरे जिले के एससीआर में शामिल होने की उम्मीद है। पूर्व में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की ओर से मांगी गई सूचना रायबरेली विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने भेजी थी। इससे जिले को मेट्रो सिटी जैसी सहूलियतें मिलने के साथ ही बाईपास, ओवरब्रिज आदि के साथ लखनऊ-रायबरेली हाईवे भी छह लेन का बन सकेगा। (संवाद)