जगतपुर थाना क्षेत्र के डलमऊ संपर्क मार्ग पर हादसे के बाद घटना की जानकारी लेती पुलिस।
रायबरेली। जगतपुर-डलमऊ संपर्क मार्ग पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार वृद्धा की मौत हो गई, जबकि उसका नाती बच गया। हादसे के बाद चालक डंपर समेत भाग गया। जगतपुर के उडवा गांव निवासी चंपा देवी (65) पत्नी जगतपाल एक दिन पहले अपने बेटे सुरेंद्र चौरसिया के ससुराल मुराई बाग में तिलक समारोह में शामिल होने गई थीं। शुक्रवार को करीब चार बजे वह अपने नाती नितिन चौरसिया के साथ बाइक से घर लौट रही थीं।
लक्ष्मणपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास डलमऊ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चंपा देवी बाइक से उछलकर डंपर के पहिये के नीचे आ गईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं नितिन सुरक्षित बच गया। हादसा इतना भीषण था कि महिला का शव क्षतविक्षत होकर सड़क पर बिखर गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतका की बहू गायत्री, नाती ऋतिक और नातिन महक व मानवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। थाना प्रभारी पंकज त्यागी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से अभी तक तहरीर नहीं मिली है।