फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्लॉक लाइन में फंसी मालगाड़ी, आवागमन ठप, सात ट्रेनें रोकीं, दो स्टेशन मास्टर निलंबित

विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। कुंदनगंज से रायबरेली की ओर आ रही एक मालगाड़ी मंगलवार सुबह गंगागंज रेलवे स्टेशन की ब्लॉक लाइन में फंस गई, जिससे करीब दो घंटे आवागमन ठप रहा है। इस रूट पर फर्राटा भर रही पद्मावत एक्सप्रेस, गंगा गोमती एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस समेत सात ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर रोका गया, जिन्हें दो से चार घंटे के बाद रवाना किया जा सका।
विज्ञापन

घटना से रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मामले में मंडल रेल प्रबंधक ने मंगलवार शाम प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए गंगागंज और हरचंदपुर के ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर को निलंबित कर दिया गया है। लखनऊ में कार्यरत खंड नियंत्रक (ऑन ड्यूटी कंट्रोलर) पर भी गाज गिरी है। आरोपित कर्मचारियों को मंडल मुख्यालय तलब किया गया है।
शहर से करीब सात किलोमीटर दूर गंगागंज रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब लाइन नंबर तीन पर कुंदनगंज की ओर से आ रही एक मालगाड़ी का इंजन अचानक बंद हो गया। पता चला कि इस लाइन पर इलेक्ट्रिक ब्लॉक है और मालगाड़ी में इलेक्ट्रिक इंजन लगा था, जिससे विद्युत न मिल पाने पर इंजन भी बंद हो गया। लाइन नंबर एक पर पहले से ही एक मालगाड़ी खड़ी थी।
विज्ञापन

यह घटना सुबह लगभग 6 बजे घटी। इसी स्टेशन की लाइन नंबर दो (मेन लाइन) से गाड़ी संख्या 15075 त्रिवेणी एक्सप्रेस को निकालना था, जिसे गंगागंज के होम सिग्नल पर रोके रखा गया था। मालगाड़ी के फंसने के कारण प्रयाग से बरेली जा रही त्रिवेणी एक्सप्रेस करीब दो घंटे तक आउटर पर खड़ी रही।
दूसरी तरफ हरचंदपुर स्टेशन पर दिल्ली से प्रतापगढ़ जा रही गाड़ी संख्या 14208 पद्मावत एक्सप्रेस रोकी गई। पद्मावत एक्सप्रेस के डीजल इंजन से फंसी मालगाड़ी को हटाया गया, तब आउटर पर कड़ी त्रिवेणी एक्सप्रेस गंगागंज स्टेशन पहुंच सकी। पद्मावत एक्सप्रेस करीब चार घंटे हरचंदपुर में खड़ी रही।
इसी तरह प्रतापगढ़ से कानपुर जा रही गाड़ी संख्या 14123 इंटरसिटी एक्सप्रेस और प्रयाग से लखनऊ जा रही गाड़ी संख्या 14215 गंगा गोमती एक्सप्रेस को रायबरेली स्टेशन पर दो-दो घंटे तक रोका गया। इसके अलावा वाराणसी से लखनऊ जा रही गाड़ी संख्या 14219 इंटरसिटी एक्सप्रेस रायबरेली स्टेशन पर सवा घंटे रोका गया। लखनऊ से प्रयाग जा रही गाड़ी संख्या 14210 इंटरसिटी एक्सप्रेस पहले बछरावां स्टेशन पर डेढ़ घंटे रुकी रही तो अगले स्टेशन कुंदनगंज पर भी एक घंटे तक रोका गया।
लखनऊ से वाराणसी जा रही गाड़ी संख्या 14204 इंटरसिटी एक्सप्रेस को कुंदनगंज स्टेशन पर करीब दो घंटे तक रोका गया। भले ही दो घंटे में ठप रेल यातायात बहाल कर दिया हो, लेकिन ट्रेनों के आवागमन को दुरुस्त करने में पांच घंटे लग गए। आसपास के स्टेशनों पर रोकी गई ट्रेनों को निकालने में रायबरेली, हरचंदपुर, गंगागंज, कुंदनगंज, बछरावां स्टेशनों पर पूरा अमला तैनात रहा।
वहीं देर शाम यातायात निरीक्षक अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में हरचंदपुर के स्टेशन मास्टर आलोक शुक्ला और गंगागंज के स्टेशन मास्टर रवि शंकर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। ऑन ड्यूटी कंट्रोलर पर भी कार्रवाई किए जाने की जानकारी मिली है। फिलहाल मंडल रेल प्रबंधक ने जांच के सिलसिले में दोनों स्टेशन मास्टर को बुधवार को लखनऊ तलब किया है।
प्रकरण की जांच वरिष्ठ मंडल संरक्षा प्रबंधक अनिल कुमार यादव को दी गई है, जिनके समक्ष ही निलंबित किए गए कर्मचारियों के बयान दर्ज होंगे। इस पूरे मामले में सही सूचना न दिए जाने को घटना की वजह बताया जा रहा है। मालगाड़ी में इलेक्ट्रिक इंजन लगा था, जिसे इलेक्ट्रिक लाइन वाले ट्रैक पर ही ले जाना चाहिए।
इसके बावजूद इसे बिना इलेक्ट्रिक लाइन वाले डीजल इंजन ट्रैक पर भेज दिया गया। इस बारे में न तो हरचंदपुर स्टेशन ने कोई सूचना दी और न ही कंट्रोलर ने। गंगागंज स्टेशन ने भी ध्यान नहीं दिया और इलेक्ट्रिक इंजन वाली मालगाड़ी को ब्लॉक लाइन में भेज दिया, जिससे विद्युत आपूर्ति न मिल पाने के कारण इंजन बंद हो गया और मालगाड़ी बीच में खड़ी हो गई। इस पर कार्रवाई हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें