रायबरेली। महराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इस जिले में भी सतर्कता बरती जा रही है। यही वजह है कि सोमवार को मुंबई से प्रतापगढ़ जा रही उद्योग नगरी ट्रेन से आने वाले 125 से अधिक यात्रियों की रेलवे स्टेशन पर जांच कराई गई। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम डटी रही।
आरपीएफ और जीआरपी के साथ ही पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। प्रशासनिक अफसरों ने भी नजर रखी। जांच के दौरान चार यात्री पॉजिटिव पाए गए, जिनके सैंपल को जांच के लिए मेडिकल कॉलेज लखनऊ भेजा जाएगा।
लोकमान्य तिलक (मुंबई) से चलने वाली गाड़ी संख्या-01073 उद्योग नगरी एक्सप्रेस के पहुंचने का समय शाम 5.03 बजे निर्धारित है लेकिन यह गाड़ी सवा तीन घंटे की देरी से पहुंची। यह ट्रेन मुंबई से आ रही है इसलिए रेलवे स्टेशन पर खास सतर्कता बरती गई।
ट्रेन से आने वाले यात्रियों की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम शाम से ही डटी रही जबकि सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए आरपीएफ, जीआरपी व शहर कोतवाली पुलिस की तैनाती की गई। इसीलिए दो मिनट के स्टॉपेज वाली उद्योग नगर एक्सप्रेस को पांच मिनट तक रोकना पड़ा।
ट्रेन से उतरे यात्रियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए लाइन में खड़ा कराया गया और एक-एक करके हर किसी की जांच की गई। सैंपलिंग प्रभारी डॉ. ऋषि बागची ने बताया कि मुंबई से आई उद्योग नगरी ट्रेन से आने वाले 125 से अधिक यात्रियों की जांच कराई गई है। इस दौरान एंटीजन टेस्ट में चार यात्री कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। इसकी पुष्टि के लिए उनके सैंपल लिए गए हैं जिन्हें मेडिकल कॉलेज लखनऊ भेजा जाएगा।