रायबरेली। मुंबई से आए चार प्रवासी श्रमिकों में शुक्रवार को कोरोना की पुष्टि हो गई। डलमऊ ब्लॉक के कुरौलीदमा का युवक मुंबई से ही बीमार हो गया था। उसे यहां जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था।
अब कोरोना की पुष्टि होने के बाद उसे लोकबंधु अस्पताल लखनऊ रेफर कर दिया गया है। इसकेे अलावा हरचंदपुर ब्लॉक के चौहनियां और खीरों ब्लॉक के पाहो के संक्रमित मरीज को रॉयन इंटरनेशनल स्कूल में बनाए गए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा बीती 18 मई को स्वस्थ होने के बाद घर पहुंचे युवक की फिर से रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। उसे भी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
डलमऊ ब्लॉक के कुरौलीदमा का 30 वर्षीय युवक बीती 15 मई को मुंबई से आया था। घर पहुंचने से पहले ही उसकी हालत खराब हो गयी थी। उसे जिला अस्पताल लाकर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया था। बुखार के साथ ही उसे सांस लेने की समस्या बताई जा रही है।
इसके अलावा हरचंदपुर के चौहनियां गांव का युवक भी मुंबई से ही ट्रक से अपने कई साथियों के साथ 15 मई को घर आया था। बीती 10 मई को खीरों ब्लॉक के पाहो गांव का युवक मुंबई से आया था। समस्या होने पर उसका भी सैंपल जांच के लिए भेजा गया था।
तीनों प्रवासी श्रमिकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कुरौली दमा के युवक को लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जबकि पाहो और चौहनियां के युवकों को घर से लाकर रॉयन इंटरनेशनल स्कूल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसके अलावा रोहनियां ब्लॉक के सराय अख्तियार गांव के रहने वाले चाचा भतीजे को संक्रमण के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बीती 18 मई को स्वस्थ होने के बाद दोनों को घर भेज दिया गया था, लेकिन उसमें से एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव फिर से आ गई है। उसे फिर रॉयन स्कूल के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
पंजाब, मुंबई और गुजरात आदि प्रांतों से आए 78 और प्रवासी श्रमिकों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। शुक्रवार को आई 93 रिपोर्ट में 90 रिपोर्ट निगेटिव हैं। इसमें 78 रिपोर्ट प्रवासी श्रमिकों की हैं। इसमें कई प्रवासी श्रमिक संक्रमित युवकों के गांव के रहने वाले भी हैं। कई स्वास्थ्य कर्मियों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है।