रायबरेली। महज गेहूं चोरी करने के शक में एक ग्राम प्रधान द्वारा चार बच्चों को एक बिजली के पोल पर बांधने की सजा देने के साथ एक बच्चे की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घायल बच्चे का आरोप है कि प्रधान ने उन्हें बिजली के पोल में बांधने के बाद पीटा। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस का दावा है कि बच्चों के परिजनों ने ही उन्हें पोल में बांधा था।
वायरल वीडियो बीती रात हरचंदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। इसमें गेहूं चोरी करने के शक में ग्राम प्रधान ने गांव के चार बच्चों को बिजली के पोल में बांधने व एक बच्चे की डंडे से पिटाई करने का आरोप है। लोगों का आरोप है कि एक नेता का खास होने के चलते प्रधान को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उधर, पुलिस का कहना है कि इस मामले से प्रधान का कोई लेनादेना नहीं है। सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार का कहना है कि गांव में बच्चों की चोरी करने की शिकायत परिजनों को मिली थी। इसी वजह से परिजनों ने बच्चों को डराने के लिए उन्हें बिजली के पोल में बांध दिया था। बाद में बच्चों को परिजनों ने खोल दिया था। बच्चों के साथ किसी तरह की कोई मारपीट नहीं की गई है।