जिले में विधानसभा चुनाव के नामांकन के चौथे दिन सपा, भाजपा, बसपा के तीन और एक निर्दलीय उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल किया। चौथे दिन आचार संहिता की खूब धज्जियां उड़ीं। सुरक्षा होने के बावजूद समर्थक नामांकन कक्ष के अंदर जाकर शोरशराबा करते रहे।
बावजूद वहां पर तैनात कई सीओ थानेदार कुर्सियों पर बैठकर आराम फरमाते रहे। पूर्वाह्न 11 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू कराई गई। सबसे पहले सरेनी विधानसभा सीट से सपा उम्मीदवार देवेंद्र प्रताप सिंह ने लाव-लश्कर के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर चार सेटों में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
मुर्शरफ अली, रामदीप, सीताराम सिंह आदि उनके प्रस्तावक रहे। ऊंचाहार विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी एवं स्वामी प्रसाद मौर्य के बेटे उत्कृष्ट मौर्य ने लाव-लश्कर के साथ पहुंचकर नामांकन किया।
बछरावां विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी श्याम सुंदर भारती ने नामांकन पत्र जमा किया। इसके अलावा सलोन विधानसभा सीट से नसीराबाद के रहने वाले तुलसीराम ने निर्दलीय के रूप में परचा भरा।
चौथे दिन कलेक्ट्रेट परिसर में आचार संहिता की उल्लंघन धज्जियां उड़ाई गई। समर्थक नामांकन कक्ष के अंदर तक पहुंचकर नारेबाजी करते नजर आए। वहीं उन्हें रोकने के बजाय सीओ व थानेदार कुर्सी पर बैठकर आराम फरमाते रहे।