परशदेपुर चौकी क्षेत्र में बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार जीप की टक्कर से दुकान के सामने खेल रही बालिका की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब पांच जीप प्रतापगढ़ बारात लेकर लौट रहीं थी।
बालिका की मौत से इलाकाई ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सभी ने सलोन-जायस मार्ग को जाम कर दिया और बारात में शामिल पांच चार पहिया वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। घटना की जानकारी होने पर सलोन के एसडीएम, सीओ समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
हालांकि तोड़फोड़ व मारपीट में कोई घायल नहीं हुआ। परशदेपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन पूरे काजी निवासी मो. हमीद की दुकान सलोन-जायस मार्ग पर गेवडे़ मैदान के पास है। पत्नी सोना बृहस्पतिवार दोपहर दुकान पर बैठी थी और सात वर्षीय बेटी इकरा दुकान के सामने खेल रही थी।
इसी दौरान सलोन की ओर से बारात लेकर आ रही पांच जीपों में एक वाहन ने इकरा को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल इकरा की मौके पर मौत हो गई। घटना से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। सलोन-जायस मार्ग पर जाम लगा दिया।
इतना ही नहीं बारात में शामिल पांचों वाहनों में तोड़फोड़ की। इस दौरान बारातियों और ग्रामीणों में मारपीट भी हुई। घटना की जानकारी होने पर सलोन एसडीएम प्रदीप कुमार, क्षेत्राधिकारी चरनजीत सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने मामले में सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवारीजनों को हर संभव मदद का भरोसा देकर ग्रामीणों को शांत कराया। एसओ जीडी शुक्ला ने बताया कि सभी वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है।
उन्होंने बताया कि फुरसतगंज थाना क्षेत्र के खैराना गांव निवासी दिनेश सिंह के बेटे अजय की बारात विश्वनाथगंज जिला प्रतापगढ़ गई थी। वापस लौटते समय बारात में शामिल किसी वाहन से घटना हुई है। जांच की जा रही है। मामले में कार्रवाई की जाएगी।
मदरसा में कक्षा एक में पढ़ने वाली सात वर्षीय इकरा की मौत पर परिवारीजनों के आंसू थम नहीं रहे हैं। मां सोना, पिता हामिद का रो-रोकर हाल बेहाल है। मां रो-रोकर बेहोश हो जाती है। बार-बार वह यही कह रही थी कि अभी उसकी बेटी उसके आंखों के सामने खेल रही थी। अचानक यह क्या हो गया।