रायबरेली। दिव्यांगता प्रमाणपत्र के सहारे रोडवेज बसों में यात्रा का खेल सोमवार को सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अक्षय कुमार ने पकड़ा। सरेनी से आ रही बस को चेक किया तो उसमें पांच लोग दिव्यांगता प्रमाणपत्र के सहारे यात्रा करते पकड़े गए।
एआरएम का कहना है कि पांचों लोग स्वस्थ मिले लेकिन उनके पास दिव्यांगता प्रमाणपत्र था। सभी के प्रमाणपत्रों को जब्त कर लिया है। सीएमओ से जांच कराकर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। सभी यात्रियों का टिकट कटवाया गया है।
एआरएम को सूचना मिली थी कि स्वस्थ लोग दिव्यांगता प्रमाणपत्र दिखाकर बसों में मुफ्त यात्रा कर रहे हैं। इसे चेक करने के लिए उन्होंने सोमवार को सरेनी की ओर से आ रही बस को चेक किया। बस में चार लोग ऐसे मिले, जिन्होंने टिकट नहीं लिया था। दिव्यांगता प्रमाणपत्र दिखाकर यात्रा कर रहे थे।
एआरएम अक्षय कुमार ने बताया कि पांचों लोगों के दिव्यांगता प्रमाणपत्र को जब्त कर लिया गया है। पांचों शारीरिक रूप से स्वस्थ मिले लेकिन सभी को प्रमाणपत्र जारी किए गए थे। जब्त किए गए प्रमाणपत्रों की जांच सीएमओ से करवाने के बाद मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।